Tuesday, July 29, 2014

इम्तियाज़ चाचा

वो बचपन, जब ये भी पता नहीं था की मै हिन्दू हूँ और मुसलमान लोग एक अलग मज़हब से होतें हैं | मुझे बस इतना पता था की मेरे एक इम्तियाज़ चाचा है जिनके घर पर जाने की मुझे पूरी तरह से आज़ादी है | उनके घर जाने के बाद कभी कोई नहीं पूछता था की इतनी देर क्यूँ लगी वहां पर | ज्यादा तो समझदार नहीं था लेकिंग पिता जी और इम्तियाज़ चाचा को जब भी देखता तो यही लगता था की दो इन्सान है लेकिन सोच एक ही है | दोनों परिवारों के रोटी से नमक तक और बदन के कपड़ों से लेकर घर के परदे जैसे हर मुद्दे पर एक दुसरे को बड़े ही संजीदगी से बाते करते देखा | जैसे लगता था की ये भूल जातें है की रात भी हो रही है, अचानक माता जी आकर बोलती थी अब बहुत रात हो गई है खाना खाकर जाइये || इम्तियाज़ चाचा बोलते “भाभी जी खाना तो खा लूँ लेकिन मेरे घर पर जो बना है वो कौन खायेगा” | आप यहाँ खा लो और मै आप के घर चलकर खाना खा लेता हूँ, पिताजी को हमेशा यही बोलते सुना |
सच बोलूं तो सेवईयों के बारे में मुझे पहली बार यही से पता चला, क्यूँ की साल में एक ऐसा दिन आता था जब इम्तियाज़ चाचा के घर से सेवइयां आतीं थी | घर पर जब भी कारण पूछा तो यही पता चला के ये एक त्यौहार पर बनाये जाने वाला खास पकवान है | ईद वाला नाम तो मुझे बड़े होने पर इस दुनिया ने सिखाया | ऐसे ही खिचड़ी (मकर संक्रांति- तब ये पता भी नहीं था) वाले दिन घर से एक बड़ा सा झोला मिलता था जिसमें गुड, लाई के दाने और कुछ देशी मिठाइयाँ भर के दी जाती थी, ले जाओं देकर आना चाचा के घर, मै और मेरे बड़े भैया दोनों बारी बारी उस भारी झोले को उठाते उठाते पहुच जाते थे चाचा के घर | और फिर हमें वहां जाने के बाद पूरी आज़ादी होती थी बेर तोड़ने की जो कभी उनके घर के ठीक सामने हुआ करती थी ||
इम्तियाज़ चाचा की सिलाई की दुकान थी | मेरे घर के सारे कपडे वहीँ सिले जाते थे, लेकिन कभी पैसे लेते हुए नहीं देखा उन्हें, कई बार पिताजी को धमकाते हुए सुना के “अरे धागे तो मुफ्त में नहीं आतें हैं ना, पैसे क्यूँ नही लेते हो आप, अगर इसबार पैसे नहीं लिए तो अगली बार कपडे कहीं और से सीलवायेंगे | लेकिन कभी ऐसा हुआ नहीं पता नहीं ऐसी बेअसर धमकी पिताजी देते ही क्यों थे ||
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी में लगने वाला कपडे के मंडप की सीलाई इम्तियाज़ चाचा ने ही की थी | पूजा वाले दिन सबसे ज्यादा भजन कीर्तन गाते मैंने उनको ही सुना | मेरे घर के काफी निजी मामलों में उनकी राय हमेशा से ली जाती थी और आज भी ली जाती है | मैंने आज तक पिता जी और चाचा को मुसलमान और हिन्दू के किसी भी मज़हबी बात पर बहस करते नहीं देखा ||
शायद यही तालीम मुझे दोनों ने मिल कर दी, जब दिल्ली आया तो मेरी भी मुलाक़ात एक ऐसे ही शख्स से हुई जो मस्जिद में सर झुकाता है और मै मंदिर में || हमारी दोस्ती भी उसी रंग से रंगी हुई है जो मेरे पिता जी और इम्तियाज़ चाचा की है |
बहुत तकलीफ होती है जब धर्मों के कुछ कथाथित ठेकेदार बस मिलकर इसलिए फैसले ले लेते हैं क्यूँ की उनकी दुकानदारी चल सके | क्यूँ हम नज़रंदाज़ हो रहें हैं ? हमें ईद और दिवाली के नाम पर क्यूँ बांटा जा रहा है ? हमें क्यूँ सिखाया जा रहा है की दुनिया की सबसे तहज़ीबी भाषा उर्दू के नाम वाले लोग गलत होतें हैं ? आज सेकुलर शब्द की इतनी परिभाषाएं क्यूँ हैं ? और इसके बाद भी इसको परिभाषित करना इतना मुश्किल क्यूँ हो चला है ? आज रास्ट्रवाद की अलग अलग परिभाषाएं क्यूँ दी जाने लगी हैं ? आज दोनों मज़हब के ठेकेदारों ने पूरी समाज की सारी समस्याओं को सुलझाने का ठेका खुद क्यूँ ले रखा है ये जाने बगैर ये आम इंसान सच में मज़हब की परिभाषा समझता भी है क्या ? 

0 comments:

Post a Comment